हापुड़। जमीन के मामले में विचाराधीन वाद में फैसला करने का दबाव बनाते हुए आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। एक व्यक्ति का गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया।
थाना पिलखुवा के गांव कमालपुर के मुजीबुर्रहमान ने बताया कि थाना देहात क्षेत्र के गांव सलाई स्थित जमीन पर उसके परिवार व जावेद के बीच न्यायालय में वाद चल रहा है। पिछले कुछ दिनों से जावेद मामले में फैसला करने के लिए बुला रहा था। 24 अप्रैल को उसने उसे व उसके परिजनों को गांव सलाई बुलाया। वह अपने परिवार के नफीस, अथहर व वसीम के साथ गांव सलाई में पहुंच गया। जहां जावेद ने अपने पक्ष के नौशेर, मरगूब, आकिब जावेद व सावेज ने पीड़ित व उसके पक्ष के लोगों को घेरकर हमला कर दिया। सावेज ने गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। इसी दौरान नौशेर ने कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी। आरोपियों ने जमीन लौटाने के नाम पर पांच लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।