बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के हाईवे 9 स्थित गांव बछलौता अंडरपास के पास हाईवे किनारे खड़े कैंटर में एक कार पीछे से जा भिड़ी। हादसे में कार चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव फुल्डेहरा निवासी संजय सिंह ने बताया कि बुधवार की रात उनके भाई सोहनवीर की बरात थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में गई थी। बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे उनके भाई राहुल अपने परिवार के मनवीर सिंह, अमरकोर, ज्योति, वीना व प्रवाह के साथ कार में सवार होकर गांव सिखेड़ा से घर लौट रहे थे। गांव बछलौता अंडरपास के पास पहुंचने पर हाईवे किनारे खड़े कैंटर में उनकी कार पीछे से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से घायलों को गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से भाग गया। अस्पताल में ज्योति व प्रवाह की हालत गंभीर बनी हुई है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कैंटर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस क्षतिग्रस्त कार व कैंटर को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।