बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के हाईवे-9 स्थित कुचेसर फ्लाईओवर के पास मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर कूदकर दूसरी साइड में जा रही सीतापुर डिपो की रोडवेज बस से जा टकराई। इस दौरान मुरादाबाद डिपो की बस में आग लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित निकालकर दमकल विभाग को हादसे की सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पाया।
सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार की देर रात मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस का चालक सुमित कुमार व परिचालक कपिल गिरि बस लेकर दिल्ली से हल्द्वानी जा रहे थे। हाईवे-9 स्थित कुचेसर फ्लाईओवर के पास बस ने आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर कूदकर दूसरी साइड में जा रही सीतापुर डिपो की रोडवेज बस से टकरा गई। ट्रैक्टर को जिला रामपुर के रायपुर निवासी सुनील यादव चला रहा था। जबकि सीतापुर डिपो की बस को चालक संजीव चला रहा था। टक्कर लगने के बाद मुरादाबाद डिपो की बस में आग लग गई। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित निकालकर दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बस में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। इसके बाद पुलिस ने सभी यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से हल्द्वानी के लिए रवाना किया। सीओ ने बताया कि हादसे की संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी