ब्रजघाट। मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे दो मिनी ट्रकों में आपस में टक्कर हो गई। जिसमें सब्जी से भरा मिनी ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रकों के चालक घायल हो गए। वहीं,सडक़ पर सब्जी बिखरने से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाकर जाम को खुलवाया।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे मिनी ट्रक का चालक पवन कुमार निवासी गांव करोखर थाना मधवापुर बिहार रामपुर से सब्जी लेकर दिल्ली की आजादपुर मंडी में जा रहा था। जैसे ही वह कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर के निकट पहुंचा, तो पीछे से आए बिजली के तार से भरे मिनी ट्रक ने उसके ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में सब्जी से भरा ट्रक हाईवे किनारे पलट गया और जाम की स्थिति बन गई। वहीं दोनों ट्रकों के चालक मनोज और सलमान घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराते हुए सब्जी के ट्रक को हाईवे से हटाकर वाहनों का आवागमन शुरू कराया। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि ट्रकों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है। घायल चालकों का उपचार कराया जा रहा है।