हापुड़। एसएसवी पीजी कॉलेज में समाज कल्याण विभाग के सहयोग से चलने वाली अभ्युदय योजना परवान नहीं चढ़ सकी है। छात्रों की चयन परीक्षा होने के बावजूद अभी तक मेरिट नहीं लग सकी है। कक्षाओं के संचालन के लिए शिक्षक भी नहीं मिले हैं। ऐसे में यूपीएससी, नीट, जेईई की तैयारी का सपना देख रहे छात्रों को झटका लगा है।
गरीब छात्रों को निशुल्क यूपीएससी, नीट, जेईई की तैयारी कराने के लिए शासन ने अभ्युदय कोचिंग शुरू की है। पिछले साल यह व्यवस्था शुरू की गई थी। हालांकि पहला बैच, योजना को निराश करने वाला रहा। कोचिंग में पढ़ाई के बाद कोई भी छात्र नीट, यूपीएससी की परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। सिर्फ एक छात्र ने जेईई परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने योजना को सफल बनाने के लिए इस बार छात्रों का चयन परीक्षा के आधार पर कराने का निर्णय लिया था। शुरूआत में आवेदन ही नहीं आए, जिस पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया, तब कहीं जाकर आवेदन बढ़े।
यूपीएससी, नीट, जेईई की कोचिंग के लिए विषय विशेषज्ञों से पेपर तैयार कराया गया। वैकल्पिक प्रश्न छात्रों से पूछे गए, यह परीक्षा पूर्ण हो चुकी है। लेकिन अभी तक चयनित हुए छात्रों की मेरिट भी तैयार नहीं हुई है। हालांकि जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि छात्रों का रिजल्ट तैयार कर लिया गया है।
इस बार कोचिंग में पढ़ाने के लिए कुशल शिक्षकों का भी चयन होना है। जिसे लेकर प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन ऐसे शिक्षक फिलहाल मिल नहीं पा रहे हैं। कुल मिलाकर वर्ष 2024 पूरा बीतने के बाद जनवरी भी आधा बीतने को तैयार है। लेकिन अभी तक कोचिंग शुरू नहीं हो सकी है। ऐसे में सफलता का सपना देख रहे छात्र अब दूसरे विकल्प तलाशने लगे हैं।
राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग सेंटर में चार महीने पहले शुरू हो चुकी है कक्षाएं-
इस बार निजामपुर स्थित राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग सेंटर में भी अभ्युदय कोचिंग शुरू की गई है। करीब चार महीने पहले छात्रों का चयन कर, कोचिंग भी शुरू करा दी गई है। लेकिन एसएसवी कॉलेज में कक्षाएं तक शुरू नहीं हो सकी हैं। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस तरह छात्र अपना सपना साकार करेंगे।
जल्द होगी शिक्षकों की व्यवस्था-
अभ्युदय कोचिंग में छात्रों को यूपीएससी, नीट, जेईई की तैयारी कराने के लिए जल्द कक्षाएं शुरू होंगी। शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। छात्रों का परिणाम भी तैयार है, जल्द मेरिट चस्पा होगी। इस बार कोचिंग व्यवस्था में काफी सुधार होगा। - शिवकुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी।