पिलखुवा। आम आदमी पार्टी की परतापुर रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में राम मंदिर में चंदे के कथित दुरुपयोग के मुद्दे पर आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता एवं पश्चिमी प्रांत के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीएम चौहान ने कहा कि आम आदमी पार्टी रविवार को प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चौराहों पर जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता राम मंदिर में चंदे के कथित दुरुपयोग के विरोध में लोगों के बीच जाकर भिक्षाटन करेंगे। एकत्रित धनराशि का चेक बनाकर चंपत राय को भेजा जाएगा। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया। बैठक में अरुण शर्मा, राजीव शर्मा, शकील अहमद, इमरान खान, चतर सिंह कलुआ, सुरेंद्र चौधरी, विनोद सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।