पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत छिजारसी टोल प्लाजा के पास गाजियाबाद की ओर जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से आ रही एक निजी बस ने टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही मुरादाबाद डिपो की एक रोडवेज बस ने एक युवक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर तीनों युवक बाइक पर सवार होकर किसी कार्य के लिए मसूरी फैक्टरी में काम करने जा रहे थे। जैसे ही तीनों टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो एक निजी बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी और पीछे से आ रही रोडवेज बस ने एक युवक को कुचल दिया। हादसे में मोहल्ला इस्लामनगर दहपा की पुलिया निवासी सलमान (22) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मोहल्ला गढी निवासी साजिद (26) और मोहल्ला गढी निवासी सुहैल (16) घायल हुए हैं। साजिद और सुहेल आपस में ममेरे-फुफेरे भाई हैं।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है और दो युवक घायल हैं। वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।