हापुड़ के पिलखुवा में नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पिलर नंबर 76 के पास स्थित इन हाउस कैफे में शुक्रवार तड़के अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कैफे मालिक की माने तो आग से करीब 50 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है।
गाजियाबाद के मुरादनगर राधेश्याम विहार निवासी मयंक का पिलर नंबर 76 के पास यह कैफे है। हादसा शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हुआ और कैफे से धुआं निकलते देख आसपास के लोगों ने कैफे संचालक को मामले की जानकारी दी।
कुछ ही देर में कैफे से आग की लपटें निकलनी शुरू हो गईं। जिससे वहां से निकाल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। आग से कैफे में रखे कुर्सी, टेबल, मशीनें और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए।