हापुड़। हार्ट अटैक होने पर मरीजों को अब हापुड़ के जिला अस्पताल में ही जीवनरक्षक इंजेक्शन लगाया जा सकेगा। स्टेमी केयर नेटवर्क के तहत यह व्यवस्था शुरू की गई है। मेरठ मेडिकल काॅलेज के हृदय रोग विशेषज्ञों की निगरानी में इंजेक्शन लगाया जाएगा। इसके लिए टेनेक्टेप्लेस के 24 और स्ट्रेप्टोकाइनेज इंजेक्शन के 20 वायल मिले हैं। बाजार में इनकी कीमत 25 हजार से 50 हजार रुपये तक है।
मरीजों को इलाज देने के लिए एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाया गया है। इसमें मेरठ मेडिकल काॅलेज के विशेषज्ञ चिकित्सक जुड़े हैं। जिला अस्पताल आने वाले ऐसे मरीजों की ईसीजी की रिपोर्ट इसी ग्रुप पर भेजी जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सक निर्णय लेंगे कि मरीज को कौन सा इंजेक्शन दिया जाना है। जिला अस्पताल में एक फिजिशियन चिकित्सक इंजेक्शन लगाने के लिए नियुक्त किए गए हैं।
हृदयाघात से पीडि़त मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में 12 ईसीजी मशीनें और वार्ड तैयार कर लिया गया है। इंजेक्शन भी मिल गए हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में मरीजों को इंजेक्शन लगाकर उनकी जान बचाई जा सकती है। - डॉ. हेमलता, सीएमएस