हापुड़। मेवाड़ के दानवीर भामाशाह की जयंती जिले में व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाई गई। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दानवीर भामाशाह के त्याग और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान पांच करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक का टर्नओवर करने वाले फर्म संचालकों को दानवीर भामाशाह सम्मान से नवाजा गया।
कलक्ट्रेट परिसर में दानवीर भामाशाह के चित्र पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, डीएम कविता मीना, सीडीओ श्रुति शर्मा ने माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। रेखा नागर ने कहा कि 16वीं सदी में मेवाड़ के संकटकाल में भामाशाह ने महाराणा प्रताप को अपना सब कुछ दान कर दिया था। उनके इस त्याग के कारण उन्हें दानवीर भामाशाह और मेवाड़ का रक्षक कहा जाता है।
डीएम कविता मीना ने कहा कि भामाशाह का जीवन हमें परोपकार, निस्वार्थ सेवा और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। आज के समय में हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने ने देशभक्ति गीत गाकर समा बांध दिया।
कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के करदाता कुश ब्रिक फील्ड, अग्रवाल एंड कंपनी, राजश्री वेयरहाउसिंग, अंशुल ब्रिक फील्ड, एचके कंस्ट्रक्शन, 7 स्क्वायर इंटरप्राइजेज, रिट्रीव एक्जिम प्राइवेट लिमिटेड, कार ऑटो प्राइवेट लिमिटेड, डेयरी क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड, आरएसी पेपर लिमिटेड फर्म के संचालकों को जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर व डीएम कविता मीना ने दानवीर भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया।
इस मौके पर राज्य कर विभाग के उपायुक्त लालचंद्र, सांसद प्रतिनिधि योगेंद्र तंवर, विनोद गुप्ता, अशोक बबली, आईआईए के अध्यक्ष पवन शर्मा, ललित अग्रवाल, बिजेंद्र पंसारी आदि माैजूद रहे।