हापुड़। गंगा एक्सप्रेसवे के 29 अप्रैल को होने वाले लोकार्पण को लेकर जिले के भैना सदरपुर इंटरचेंज (एक्सप्रेसवे के उतार-चढ़ाव) पर भी भव्य कार्यक्रम होगा। हरदोई में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण यहां भी दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री सहित सभी सांसद और विधायक से लेकर भाजपा संगठन के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इस भव्य कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा के संगठन ने भी तैयारी तेज कर दी है।
वर्ष 2027 में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले योगी सरकार गंगा एक्सप्रेसवे को प्रदेश के विकास के मॉडल के रूप में प्रस्तुत करेगी। एक्सप्रेसवे के साथ ही उद्योगों को दिए जा रहे बढ़ावे से हजारों लोगों को मिलने वाले रोजगार सहित अन्य मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी है। इसलिए एक्सप्रेसवे के किनारे के सभी जिलों में लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाने के लिए जगह चिन्हित की गई हैं। इस स्थान को फूलों से सजाने के अलावा टैंट भी लगाया जाएगा। जहां लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुनेंगे। साथ ही जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि भी क्षेत्र को मिलने वाले लाभ और सरकार की योजनाओं का बखान करेंगे। इस पूरे कार्यक्रम के जरिए सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी है। इस कार्यक्रम के लिए एक पार्किंग बनाई जाएगी। साथ ही कार्यक्रम स्थल को फूलों से सजाया जाएगा।
डीएम ने दिए साफ-सफाई के आदेश
डीएम कविता मीना ने भैना सदरपुर इंटरचेंज का निरीक्षण किया। उन्होंने शनिवार को कलक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्यक्रम स्थल भैना सदरपुर इंटरचेंज के समीप साफ-सफाई कराने के आदेश दिए। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को तैयारियों में जुटने का आदेश दिया। बैठक में एडीएम संदीप कुमार, एडीएम न्यायिक मोनिका सिंह, एएपी विनीत भटनागर आदि उपस्थित रहे।
एक्सप्रेसवे पर तैनात होगी पुलिस
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर हर दस किलोमीटर के दायरे में डायल-112 की गाड़ी और पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। शासन के आदेश हैं कि जिस थाना क्षेत्र से एक्सप्रेसवे गुजर रहा है, वहां के थाना प्रभारी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे का संबंधित थानों के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया है। बता दें कि जिले में एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 33 किलोमीटर है। एक्सप्रेसवे सिंभावली में एनएच-09 से जुड़ा हुआ है। वहीं, पुलिस के अलावा एक एंबुलेंस भी जिले की सीमा में एक्सप्रेसवे पर तैनात रहेगी, जो किसी प्रकार की सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल घायलों को प्राथमिक इलाज मुहैया करा सके।
यह कहती हैं अधिकारी
डीएम कविता मीना का कहना है कि जिले में भैना सदरपुर इंटरचेंज पर लाइव प्रसारण को लेकर कार्यक्रम होगा, इसमें सभी जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।