हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव हबिसपुर बिगास में बृहस्पतिवार रात पटाखा फोड़ने के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। पथराव और मारपीट में 12 लोग जख्मी हो गए हैं। एक पक्ष ने थाने में तहरीर दी है। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार कमल सिंह और समर पाल के परिवार के बीच बृहस्पतिवार रात घर के बाहर पटाखा छोड़ने को लेकर विवाद हो गया। किसी प्रकार ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को शांत किया और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का अनुरोध किया। थोड़ी देर के बाद दोनों पक्ष एक बार फिर आमने सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। पथराव और धारदार हथियार से हमला किया गया। मारपीट में कमल सिंह पक्ष के धर्मेंद्र पाल, सर्वेश, नीरज, सोनू, राजन, सोमान पाल, राधा व सुनहरी देवी घायल हो गईं। जबकि दूसरे पक्ष से गौरव, अंकित, लल्लू और ललित घायल हो गए। मारपीट और पथराव की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कमल सिंह पक्ष के सोनू ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पटाखा फोड़ने में मारपीट, एक घायल
पिलखुवा। मोहल्ला बजरंगपुरी में बृहस्पतिवार शाम पटाखे छोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को लाठी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया गया। बृहस्पतिवार शाम मोहल्ला बजरंगपुरी निवासी आदेश यादव अपने परिवार के साथ घर के बाहर पटाखे छुड़ा रहा था। उसकी किसी बात को लेकर पड़ोस के एक युवक के साथ कहासुनी हो गई। इस पर उसे लाठी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर जल्द कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
गढ़ के छोटा बाजार में संघर्ष, 9 घायल
गढ़मुक्तेश्वर। दिवाली की रात पटाखे फोड़ने के लिए हुआ विवाद शुक्रवार सुबह खुनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को भगाया। फिलहाल मारपीट के चलते गांव में तनाव है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार रात छोटा बाजार में युवक और बच्चे सड़क पर आतिशबाजी कर रहे थे। तभी चटाई वाले मोहल्ले के कुछ लोग वहां से गुजरे। इस दौरान सड़क पर पटाखे छोड़ने को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर पालिका सदस्य रमन शर्मा मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया। लेकिन शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे दर्जनों लोग लाठी-डंडे से लैस होकर दूसरे पक्ष के घरों में घुस गए और हमला कर दिया। मारपीट में घायल रोहित, मोहित दीपक ने आरोप लगाया है कि नशे में धुत होकर कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घरों में घुस आए। विरोध करने पर मारपीट की।