हापुड़। डीएम अजय यादव ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। जिले में उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र, विद्युत सुरक्षा विभाग के अधिकारी गाजियाबाद के साथ हापुड़ में भी जिले में दो दिन बैठ कर उद्यमियों की समस्या का समाधान करेंगे।
कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को उद्योग बंधु की बैठक हुई। एनएच 24 पर ड्रेनेज की व्यवस्था के बारे में डीएम ने जानकारी ली तो बताया गया कि प्रशासन, ग्राम पंचायत से एनओसी लेनी है और डिजिटल मैप बनना है। उसके बाद वन विभाग से भी एनओसी मिल जाएगी। डीएम ने कहा कि जल्द कार्य पूरा कराया जाए। दिल्ली गढ़ रोड पर औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने के मामले में डीएम ने कहा कि यह प्रस्ताव प्राधिकरण की बोर्ड की बैठक में रखा गया है और एनसीआर बोर्ड को भी प्रस्ताव भेजा जा रहा है। पिलखुवा में विद्युत लाइन सही करने के मामले में बिजली निगम के अधिशासी अभियंता पिलखुवा संजय अग्रवाल ने बताया कि पांच टावर में से दो लग गए हैं। एक माह में कार्य पूरा हो जाएगा। बुलंदशहर रोड पर मीट के ट्रक खड़े होने के मामले में सीओ ने कहा कि ट्रक को हटवा दिया जाएगा। दिल्ली रोड फीडर को औद्योगिक फीडर घोषित करने के संबंध में एसडीओ ने बताया कि प्रस्ताव एमडी को भेज दिया गया है। वहां से शासन में जाने के बाद अनुमति मिलेगी।
दिल्ली मुरादाबाद मार्ग पर साइन बोर्ड लगाने के संबंध में डीएम ने कहा कि एनएचआई के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। दिल्ली रोड पर दो सड़कों के निर्माण के संबंध में पालिका के सहायक अभियंता अशोक भाटी ने बताया कि दोनों सड़कें बोर्ड बैठक में पास हो चुकी हैं। दीपावली बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। आईआईए के चैप्टर अध्यक्ष अमन गुप्ता ने कहा कि विद्युत सुरक्षा के अधिकारियों के यहां न बैठने के कारण गाजियाबाद जाना पड़ता है। बिजली उपभोक्ताओं को जमानत राशि के लिए नोटिस निगम द्वारा भेजे जा रहे हैं लेकिन पुरानी जमानत राशि नहीं घटाई जा रही है। व्यापारी नेता विजय अग्रवाल ने अतरपुरा चौपला पर थ्री व्हीलर के जमघट, आनंद विहार बिजलीघर बंद होने की समस्या रखी। डीएम ने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी समस्याओं का तत्परता से निस्तारण करें। सीडीओ कुणाल सिल्कू, अपर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल, सीओ विशाल यादव, जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त उद्योग हिमांशु गंगवार, हापुड़ स्मॉल स्केल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंहल, व्यापारी नेता संजय गर्ग आदि मौजूद थे।