गढ़मुक्तेश्वर(ब्यूरो)। गैंगरेप की घिनौनी वारदात के बाद पीड़िता का जबरन धर्म परिवर्तन कराने वाला नॉटरी शपथ पत्र गढ़ में तैयार किए जाने के फर्जीवाड़े की जांच में खुफिया विभाग भी जुटा, कई अन्य लोगों की भूमिका भी जुड़ी होने की आशंका के चलते खुफिया महकमा पूरी तरह चौकन्ना हो गया है।
हापुड़ के गांव सरावा से अपहरण के बाद गैंगरेप का शिकार हुई युवती का जबरन धर्म परिवर्तन कराए जाने के तार गढ़ से जुड़े होने पर जहां पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो उठा है, वहीं खुफिया महकमा भी इस सनसनीखेज प्रकरण से जुड़ी हकीकत की परत खंगालने में जुट गया है। लोकल इंवेस्टीगेशन यूनिट की जिला स्तरीय टीम बुधवार को गढ़ में पहुंच गई, जिसने कोतवाली में जाकर इस सम्बंध में पुलिस अफसरों से बंद कमरे में काफी लंबी गुफ्तगू की। जिसके बाद एलआईयू टीम ने गांव दौताई के एसएमडी स्कूल समेत कई संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर बारीकी के साथ जांच पड़ताल की है। एलआईयू टीम का मानना है कि गैंगरेप से पीड़ित युवती का जबरन धर्म परिवर्तन कराने वाला नॉटरी शपथ पत्र गढ़ में तैयार किया गया था, जिसमें मेरठ पुलिस द्वारा हिरासत में ले जाए गए दोनों युवकों के अलावा कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। जिससे जुड़ी सच्चाई का खुलासा बहुत जल्द कर लिया जाएगा।