पिलखुवा । हाईवे 24 पर हिंडाल रजवाहे के पास बुधवार रात तेज रफ्तार कैंटर ने फल व्यापारी को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही फल व्यापारी की मौत हो गई। व्यापारी बुलंदशहर रोड हापुड़ का रहने वाला था। वह बेटे के साथ साथ मेटाडोर में आम लेकर गाजियाबाद जा रहा था। हादसा मेटाडोर का टायर बदलते वक्त हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हापुड़ में बुलंदशहर रोड निवासी जुल्फेकार (47) फल व्यापारी था। बुधवार रात करीब 12 बजे वह बेटे सरफराज के साथ मेटाडोर में कच्चा आम लेकर गाजियाबाद जा रहा था। हिंडाल रजवाहे के पास मेटाडोर का टायर पंचर हो गया। इसके चलते जुल्फेकार टायर बदलने लगा। इसी बीच हापुड़ की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे कैंटर ने जुल्फेकार को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल हुए फल व्यापारी ने वहीं दम तोड़ दिया। बेटे की चीख सुनकर लोगों ने कैंटर का पीछा किया लेकिन चालक कैंटर लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के बेटे सरफराज ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।