पिलखुवा। महंगाई से परेशान लोगों के आंसू अब प्याज के बढ़े दामों ने निकाल दिये हैं। बीते दस दिन में प्याज के दाम दो गुना तक बढ़ गए हैं। महंगाई के कारण ढाबे की थाली में सलाद में मिलने वाली प्याज गायब हो गयी है।
सब्जी आढ़ती अजित सैन ने बताया कि दस दिन पहले मंडी में प्याज के दाम 65 रुपये में पांच किलोग्राम थे लेकिन बृहस्पतिवार को प्याज 130 रुपये में पांच किलो बिकी। पिछले दस दिन से प्याज के दामों में रोजाना वृद्धि हो रही है। फुटकर विक्रेता भोले सैनी ने बताया कि दस दिन पहले 15 रुपये प्रति किलो प्याज बेच रहे थे। अब मंडी से ही महंगी मिलने के कारण 28 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेच रहे हैं। ढाबा संचालक महेश का कहना है कि जब प्याज सस्ती थी तो मूली, गाजर और प्याज सलाद में देते थे, अब प्याज देनी बंद कर दी है।
रोज रेट में इजाफा
सब्जी के खुदरा विक्रेता सलीम का कहना है कि सहालग शुरू होने पर भी प्याज 14 से 15 रुपये किलो बिक रही थी। लेकिन बीते दस दिन से किसी दिन दो तो किसी दिन एक रुपये की लगातार वृद्धि जारी है। सोमवार को दो रुपये मंगलवार को एक रुपया बुधवार को दो और बृहस्पतिवार को दो रुपये की वृद्धि हुई है।
आवक कम होने से बढ़े दाम
सब्जी आढ़ती नरेश माहेश्वरी का कहना है कि किसानों के पास प्याज अब नहीं है। नासिक से प्याज आ रही है, वह भी कम। आवक कम होने के साथ ही सहालग के चलते खपत बढ़ गई है। इसलिए प्याज की कीमतों में लगातार तेजी है।