गढ़मुक्तेश्वर। दीपावली पूजन से पहले किशोर की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। धमाकेदार आवाज करने के लिए लोहे के नाल में भरी गंधक और पोटाश छोड़ते समय नाल फटने पर उसके टुकड़े किशोर के सीने में जा घुसे और शरीर चिथड़ों में होकर दीवारों पर चिपक गया। इसी तरह एक स्कूल में टीन के कनस्तर में बम रखकर फोड़ने से टीन का एक टुकड़ा छात्रा के शरीर में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
थाना सिंभावली के गांव पीरनगर मंढै़या निवासी महेश का 17 वर्षीय सचिन गांव दत्तियाना स्थित इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। शाम के समय सचिन ने अपने पिता से गंधक और पोटाश मंगाई। धमाकेदार आवाज के लिए सचिन ने गंधक और पोटाश को मिलाकर उसका प्रयोग करने लगा। बाद में सचिन ने लोहे की नाल में रखकर उसे छोड़ा तो नाल फट गई। बारुद और लोहे की नाल सचिन के सीने में जा धंसी और शरीर क्षत-विक्षत होकर दीवारों पर चिपक गया। पूजन से पहले ही त्योहार के दिन हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शोक में मुहल्ले में किसी ने भी दीपावली नहीं मनाई।
थाना बहादुरगढ़ के गांव आलमनगर स्कूल में दीपवाली मनाई जा रही थी, जहां एक बम टीन के कनस्तर में रखकर फोड़ने लगे। बम फटने पर टीन का टुकड़ा कक्षा सात में पढ़ने वाली 11 वर्षीय परवीन के सीने में जा धंसा। बच्ची को स्थानीय नर्सिंग होम से मेरठ ले जाया गया है।
सिलेंडर में लगी आग से झुलसे युवक की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। दो दिन पूर्व गैस सिलिंडर में आग लगने से झुलसे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। शव गांव में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
थाना बहादुरगढ़ के गांव पसवाड़ा निवासी 30 वर्षीय गजराज सोमवार की रात साढे 8 बजे गैस रिसाव होने पर सिलेंडर में लगी आग से झुलस गया था। गजराज को बचाने के चक्कर में उसका भतीजा योगेन्द्र भी झुलस गया था। चाचा-भतीजे को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था। मंगलवार की सुबह 10 बजे गजराज ने दम तोड़ दिया। पीएम के बाद बुधवार की दोपहर को शव घर पहुंचने पर परिवार में हाहाकार मच गया। शाम को परिजनों ने ब्रजघाट गंगा किनारे शव का अंतिम संस्कार कर दिया।परिजनों के अनुसार दिल्ली में भर्ती योगेन्द्र की हालत भी नाजुक बनी हुई है।