हापुड़। स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं। छुट्टियों का पूरा लुत्फ उठाने के लिए बच्चे और अभिभावक सैर सपाटे की प्लानिंग भी बना रहे हैं। लेकिन उनकी यह प्लानिंग उस समय धरी रह जाती है, जब उन्हें पता चलता है कि जहां वे जाना चाहते हैं, वहां की ट्रेनों में सीट ही नहीं मिल रही।
यह स्थिति ठंडे जगहों पर जाने वाली हर ट्रेन में है। यानी जून के महीने तक किसी भी एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेन में रिजर्वेशन मुश्किल है। 20 मई के बाद से अधिकांश स्कूलों में समर वैकेशन शुरू हो जाएगा। ऐसे में पौ फटते ही रिजर्वेशन काउंटरों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। घंटों लाइन में लगने के बाद जब पता चलता है कि आरक्षण नहीं हो पाएगा तो लोग मायूस होकर लौटते नजर आते हैं। जम्मू, देहरादून, हरिद्वार, हिमाचल, जयपुर, ऊटी, शिरडी, कोलकाता, मुंबई आदि स्थानों पर जाने वाली ट्रेनों में जगह नहीं है। कुछ ट्रेनों में वेटिंग का टिकट मिल भी गया तो कन्फर्म होना मुश्किल है। स्लीपर और थर्ड एसी में रिजर्वेशन की मारामारी अधिक है। इस स्थिति का सबसे ज्यादा फायदा दलाल उठा रहे हैं। वे लोगों से कन्फर्म टिकट दिलाने के नाम पर मनमाना पैसा ऐंठ रहे हैं।