घंटों कतार में लगने से स्टूडेंट्स हुए परेशान
हापुड़। गढ़ रोड स्थित इलाहाबाद बैंक में गुरुवार सुबह दो घंटे कनेक्टिविटी गायब हो गई। इससे पीजी द्वितीय आैर चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परीक्षा फीस जमा करने में परेशानी हुई।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने पांच दिन पूर्व पीजी द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा फार्म वेबसाइट पर जारी किए थे। कालेजों में परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 14 मई निर्धारित है। इसके चलते इलाहाबाद बैंक में गुरुवार सुबह से परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। इस दौरान अचानक 10:15 बजे बैंक की कनेक्टिविटी गायब हो गई। इससे छात्र-छात्राओं की लंबी-लंबी कतार लग गई। कई स्टूडेंट बिना फीस जमा किए ही वापस लौट गए। करीब दो घंटे के इंतजार के बाद करीब 12:20 बजे बैंक की कनेक्टिविटी आने पर स्टूडेंट्स की फीस जमा हो सकी। विकास कुमार, मुसाहिद खान, पूजा शर्मा, आसिफ खान, महीमा, नेहा शर्मा, स्वेता त्यागी, सचिव सागर और संतोष कुमार का कहना है कि वह बैंक में परीक्षा फीस जमा करने के लिए सुबह साढ़े नौ बजे आ गए थे। 10 बजे बैंक खुलने के बाद ही कनेक्टिविटी गायब हो गई।
वहीं बैंक अधिकारियों का कहना है कि बैंक की कनेक्टिविटी मुबई से अचानक गायब हो गई थी। बाद में कनेक्टिविटी आने के बाद विद्यार्थियों की फीस जमा कर दी गई थी। विद्यार्थियों को फीस जमा करने में कोई परेशानी नहीं हो इसका ध्यान रखा जा रहा है, इसके लिए छात्र-छात्राओं के अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।