हापुड़। तुमड़ैल गांव में घर में सो रही तीन वर्षीय बालिका को कुत्ते ने बुरी तरह से नोच डाला। उसे देर रात गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। घटना से गांव में कोहराम मचा है। गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को पीट-पीट कर मार डाला।
सोमवार शाम से एक जंगली कुत्ता तुमड़ैल के आसपास देखा गया था। मंगलवार को वह गांव में घुस आया। उसने सुरेश की तीन वर्षीय बेटी प्रियांशी उर्फ लाली को बुरी तरह से घायल कर दिया। उसके चेहरे, हाथ-पांव और पेट पर गहरे घाव हैं। उस समय सुरेश काम करने गया था जबकि उसकी पत्नी बिजिया पशुओं को चारा डालने गई थी।
प्रियांशी की चीख सुनकर पड़ोस की महिलाओं ने शोर मचाया तो कुत्ता भाग गया। प्रियांशी की हालत तब तक काफी खराब हो चुकी थी। सुरेश प्रियांशी खून से लथपथ बेटी को लेकर हापुड़ के अस्पताल पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली जाने की सलाह दी गई। सुरेश बेटी को लेकर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल, एम्स, पंत अस्पताल गया, लेकिन प्रियांशी की हालत देख सभी ने जवाब दे दिया। देर रात उसे सफदरजंग अस्पताल ले लाया गया।