घर नहीं पहुंची मतदाता पर्ची, परेशानी
- बीएलओ को घर-घर जाकर देनी थी मतदाता पर्ची
- फोटो युक्त किसी भी पहचान पत्र से डाल सकेंगे वोट
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। पहले चरण में आज होने वाले मतदान को लेकर भले ही प्रशासनिक स्तर से सभी तैयारियां पूरी किए जाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी बीएलओ की लापरवाही के चलते सैकड़ों वोटरों को मतदाता पर्ची समेत फोटो पहचान पत्र नहीं मिल पाए हैं।
प्रशासन पिछले 10 दिनों से मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक रहा है। स्कूली बच्चे गली-गली रैलियां निकालकर मतदाताओं से वोट करने की अपील कर रहे है। लेकिन खुद प्रशासनिक अधिकारी इसके प्रति जागरूक नहीं है। आज मतदान होना है और मंगलवार तक मतदाताओं के पास न तो मतदाता पर्ची है और मतदाता पहचान पत्र। जिसके चलते मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एसडीएम मीनू राणा का कहना है कि जिन वोटरों को पर्ची नहीं मिल पाई हैं, उनकी सुविधा के लिए पोलिंग बूथ पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। जो उन्हें हाथों हाथ डुप्लीकेट पर्ची मुहैया कराएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि मतदाता पहचान पत्र के बिना भी मतदान किया जाएगा। मतदान के लिए सात आईडी को मान्य किया गया है। मतदाता पहचान पत्र के अलावा पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, राजकीय उपक्रम, स्थानीय निकाय अथवा पब्लिक लिमिटेड की ओर से कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र, किसी भी बैंक की फोटो युक्त पासबुक व आधारकार्ड मान्य हैं।
पोलिंग बूथों पर नहीं होगा धुम्रपान, लगेगा जुर्माना
इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तर्ज पर निकाय चुनाव के मतदान को भी पूरी तरह धूम्रपान मुक्त करने की रणनीति बनाई है, जिसके तहत पोलिंग बूथों पर धूम्रपान करते समय पकड़े जाने वालों से दो सौ रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। सीओ संतोष मिश्रा का कहना है कि निर्वाचन आयोग की हिदायतों का सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा।
अपने वाहनों से पोलिंग बूथों तक जा सकेंगे वोटर
गत चुनावों के अनुभव के मद्देनजर इस बार निर्वाचन आयोग ने आवागमन से जुड़े साधनों पर रहने वाली रोक हटा दी है, जिसके चलते वोटर अपने निजी वाहनों से भी पोलिंग बूथ तक जा सकेंगे। लेकिन उन्हें अपने वाहन पोलिंग बूथ से 200 मीटर पहले ही रोकने होंगे।