जिले में 10 फरवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
-डीआईओएस प्रधानाचार्यों को जारी किये दिशा निर्देश
-इस कार्यक्रम में पेट के कीड़े मारने की खिलाते हैं,दवा
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। जिलेभर में 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत छात्रों को पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाई जाएगी। शिक्षा विभाग के अफसरों ने परिषदीय, माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए छात्रों को अवश्य दवा खिलाने के निर्देश दिए हैं।
पेट में कीड़ों की समस्या से बहुत से बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं। इससे निजात पाने के लिए 10 फरवरी को जिलेभर में कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। तमाम स्कूलों में बच्चों को निशुल्क दवा खिलाने की योजना बना ली गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने सभी माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वह सभी बच्चों को दवा खिलाना सुनिश्चित करें। बच्चों को विश्वास दिलाने के लिए शिक्षक स्वयं भी इस दवा को खा सकता है।
उन्होंने बताया कि खाली पेट दवा खिलाने पर यदि किसी छात्र की तबीयत बिगड़ जाए तो घबराए नहीं, बल्कि नजदीकी सीएचसी/पीएचसी या 108 नंबर एंबुलेंस को फोन करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को यह दवा खिलाने की अपील की है।