आखिरकार लंबे इंतजार के बाद ब्लाक प्रमुख चुनाव की अधिसूचना राज्य चुनाव आयोग ने जारी कर दी है। पांच फरवरी को नामांकन और सात फरवरी को मतगणना होगी और उसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
पिछले काफी दिनों से बीडीसी सदस्य और ब्लाक प्रमुख के संबंधित उम्मीदवार अधिसूचना जारी होने का इंतजार कर रहे थे। सोमवार को अधिसूचना जारी होने के बाद ब्लाक प्रमुख चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई हैं। चारों ब्लाकों के संभावित प्रत्याशी बीडीसी सदस्यों से सम्पर्क करने में जुटे हुए हैं।
वहीं विभिन्न राजनैतिक दलों से भी प्रत्याशी समर्थन लेने में जुट गए हैं। वहीं बीडीसी सदस्य भी इस इंतजार में बैठे हैं कि वह अपने मत का इस्तेमाल कर सकें। हापुड़ ब्लाक में 159 बीडीसी, गढ़मुक्तेश्वर 101, सिंभावली में 101 और धौलाना में 110 बीडीसी सदस्य हैं। यह बीडीसी अपने ब्लाक प्रमुख का चुनाव करेंगे।
जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग की ओर से अधिसूचना जारी हो गई है। उनके स्तर से एक फरवरी को सार्वजनिक सूचना अपने स्तर से जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन कराया जाएगा और निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराया जाएगा।
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये जायेंगे। उल्लेखनीय है कि हापुड़ ब्लाक प्रमुख का पद एससी महिला, सिंभावली सामान्य, गढ़मुक्तेश्वर पिछड़ा वर्ग और धौलाना सामान्य जाति के लिए आरक्षित है।