संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जगदीशपुरम कॉलोनी निवासी अयान अंसारी से साफ्टवेयर खरीदने व ट्रेडिंग अकाउंट खोलने का झांसा देकर 5.65 लाख रुपये की ठगी कर ली। एसपी के आदेश पर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अयान अंसारी ने बताया कि उन्होंने रुपये कमाने के लिए शेयर बाजार में ट्रेडिंग शुरू की थी। वह पिछले चार-पांच महीने से शेयर बाजार में रुपये निवेश कर रहे थे। पांच जून 2023 को एफटीएक्स ट्रेडिंग कंपनी के नाम से उनके पास फोन आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनकी कंपनी साफ्टवेयर बनाती है और फोरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने का झांसा दिया था। साथ ही आरोपी ने अपने ट्रेडिंग अकाउंट में ऑटोमेटिक ट्रेडिंग अकाउंट में 40 हजार रुपये कम से कम रखकर उनका साफ्टवेयर ट्रेड खरीदकर मुनाफे में बेचने की भी बात उनसे कही थी।
इसके बाद आरोपी ने सॉफ्टवेयर की कीमत 25 हजार रुपये उनसे बताई थी। अयान ने आरोपी की बातों पर भरोसा करके एफटीएक्स ट्रेडिंग कंपनी का एक साफ्टवेयर खरीद लिया था। कुछ महीने बाद आरोपी ने उनका साफ्टवेयर खरीदने व ट्रेडिंग अकाउंट खोलने की उनसे बात कही थी। आरोपी की बातों का विश्वास कर उन्होंने विभिन्न तारीखों में विभिन्न मदों में में आरोपी के बताए विभिन्न खातों में 5.40 लाख रुपये भेज दिए थे। इनमें एक लाख रुपये दस साफ्टवेयर खरीदने व 4.40 लाख रुपये दस ट्रेडिंग अकाउंट खोलने के लिए शामिल थे।
इसके बाद उन्होंने आरोपी से साफ्टवेयर सक्रिय करने की बात कही थी। इस पर आरोपी ने उन्हें टालमटोल करना शुरू कर दिया। उन्होंने कई बार कंपनी के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया था। उनकी बात कंपनी के अन्य कर्मचारियों से हुई थी। जिन्होंने अपने नाम एंथनी, रक्षा, अंकिता, मुस्कान व प्रशांत बताए थे और कोई भी आश्वासन नहीं दिया था। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ था।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश पर साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबरों के आधार पुलिस साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।