फोटो 19एचपीआर पीएच-09,10,11
ई-लाटरी के माध्यम से शराब की दुकानों का हुआ आवंटन
-नगर पालिका सभागार में शाम साढ़े पांच बजे से शुरू हुई प्रक्रिया
-आवंटन को लेकर आवेदकों में रहा कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। नगर पालिका परिषद सभागार में सोमवार को शराब की दुकानों का ड्रा के माध्यम से आवंटन किया गया। आवंटन के दौरान आवेदकों में कहीं खुशी तो कहीं गम जैसा माहौल रहा। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। इससे किसी प्रकार का कोई हंगामा नहीं हुआ।
आठ मार्च को ई- लॉटरी के माध्यम से 209 शराब की दुकानों का आवंटन किया जाना था। इसमें देशी की 101, अंग्रेजी 51, बीयर 49 व आठ माडल शॉप शामिल थीं। लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण उस समय आवंटन स्थगित कर दिया था, जिसके बाद सोमवार शाम एक बार फिर दुकानों के आवंटन के लिए तिथि निर्धारित की गई थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे नोडल अधिकारी व ऑब्जर्वर संतोष यादव, एसपी हेमंत कुटियाल नगर पालिका परिषद सभागार में पहुंचे। इसके बाद ऑनलाइन ड्रा प्रक्रिया शुरू की गई। करीब एक घंटे में सभी ड्रा पूरे हो गए।
जिला आबकारी अधिकारी एमएन सिंह ने बताया कि जिन आवेदकों को दुकानें आवंटित हुई हैं, उन्हें छह दिनों के अंदर शेष बकाया राशि को जमा कराना होगा। जिले में कुल 244 दुकानें हैं, जिसमें 209 दुकानों को आवंटन हो चुका है। शेष 35 दुकानों पर आवेदन नहीं हुआ है। इसके लिए 21 से 23 मार्च तक आवेदन किए जाएंगे और 26 मार्च को इनका ड्रा कराया जाएगा। इस दौरान एडीएम रजनीश राय, एएसपी राममोहन सिंह, एसडीएम डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव, सीओ राजेश कुमार, कोतवाल पंकज लवानिया मौजूद रहे।
आवंटन को लेकर आवेदकों धड़कने रहीं तेज
शराब की दुकानों के आवंटन के दौरान आवेदकों की धड़कनें तेज रहीं। शाम 5.30 बजे प्रक्रिया शुरू होनी थी, जिसे लेकर नगर पालिका परिसर में दोपहर से ही आवेदकों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। आवेदकों की नजर ड्रा पर टिकी रही। स्क्रीन पर अपना नाम देखते ही आवेदक उछल पड़ते और नाम न आने वाले आवेदक मायूस होकर लौट जाते। ड्रा के बाद नगर पालिका परिसर में आवंटियों की सूची चस्पा कर दी गई, जिसे देखने के लिए भी मारामारी का माहौल रहा।