संदिग्ध परिस्थिति में लापता बच्चे का शव मिला
हापुड़। गांव बड़ौदा सिहानी में संदिग्ध परिस्थिति में लापता साढ़े चार साल के बच्चे का शव जंगल में पड़ा मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत का खुलासा हुआ है।
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव बडौदा सिहानी निवासी हकीकत का साढ़े चार साल का बेटा अशद मंगलवार की शाम घर के बाहर खेलने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। घंटो बाद भी जब बच्चा घर नहीं पहुंचा, तो पिता समेत परिजनों ने बच्चे की तलाश शुरू की। लेकिन देर रात तक भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पिता हकीकत ने थाने पहुंचकर बच्चे की गुमशुदगी की तहरीर दी।
बुधवार की सुबह एक बार फिर पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर बच्चे की तलाश शुरू की। तलाश करने के दौरान बच्चे का शव गांव के जंगल में हशरत के खेत के पास उपलों और पॉलिथीन से ढका हुआ मिला। बच्चे का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या से पहले बच्चे से हुई मारपीट
मृतक अशद के पिता हकीकत ने बताया कि वह मजदूरी कर बच्चों का पालन पोषण करता है। अशद उसका सबसे छोटा बेटा है। बच्चे का शव देखकर लगता है कि हत्या करने से पहले बच्चे की बेरहमी से पिटाई की गई है। क्योंकि बच्चे के हाथ और कूल्हे की हड्डियां टूटी हुई हैं और शरीर पर कई जगह चोट के भी निशान हैं।
देर रात में हुई बच्चे की हत्या
मृतक के पिता हकीकत ने बताया कि मंगलवार की रात करीब तीन बजे तक उसने परिजनों और ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चे की तलाश की थी। शव मिलने के स्थान पर भी बच्चे को तलाश किया गया था, लेकिन तीन बजे तक वहां कुछ भी नहीं मिला।
दम घुटने से हुई बच्चे की मौत
हाफिजपुर एसओ उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि नाक और मुंह दबाकर बच्चे की हत्या की गई है। एसओ ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी गई है।