सीएचसी में फैली अनियमितता पर नपे अधीक्षक
हापुड़। सीएचसी में फैली अव्यवस्थाओं व सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन न होने पर अस्पताल में तैनात अधीक्षक डा. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता को पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई सीएमओ ने की है। वहीं एसीएमओ डॉ. वेदप्रकाश को अधीक्षक पद का प्रभार सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि गढ़ रोड स्थित सीएचसी में मरीजों को काफी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा था। सरकार की अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन भी ठीक तरीके से नहीं हो रहा था। इस संबंध में लगातार सीएमओ को शिकायतें मिल रही थी।
वहीं मरीजों की परेशानी व सीएचसी की बदहाली को अमर उजाला पिछले कई दिनों से प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा था। मामले की गंभीरता पर सीएमओ डॉ. राजवीर सिंह ने सीएचसी के अधीक्षक को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर एसीएमओ डॉ. वेद प्रकाश को अधीक्षक पद का प्रभार सौंपा है। सीएमओ डा.राजवीर सिंह का कहना है कि हापुड़ सीएचसी अधीक्षक के पद का प्रभार डॉ. वेद प्रकाश को सौंपा गया है। अस्पताल में जो भी अव्यवस्थाएं हैं, उन्हें जल्द दूर कराया जाएगा तथा शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन कराया जाएगा।