चेन पुलिंग के कारण मुरादाबाद से दिल्ली जा रही स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन करीब 27 मिनट तक उफनाती गंगा के ऊपर ब्रजघाट पुल के बीचोंबीच खड़ी रही। इससे ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्री अनहोनी की आशंका से सहम गए। ट्रेन रवाना होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
मुरादाबाद की तरफ से दिल्ली जा रही स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 4009 सोमवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे काकाठेर स्टेशन को पार कर ब्रजघाट की तरफ बढ़ रही थी। ब्रजघाट गंगा पुल में पहुंचते ही अचानक ट्रेन के पहिए थम गए।
उफनती गंगा नदी के ऊपर ट्रेन रुकते ही उसमें सवार सैकड़ों यात्रियों के होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका यात्री डर गए। पुल संकरा होने के कारण यात्री जानकारी के लिए नीचे भी नहीं उतर पा रहे थे। ऐसे में उनकी परेशानी और बढ़ गई थी।
करीब 27 मिनट बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। गढ़ स्टेशन अधीक्षक आरपी मीणा ने बताया कि चेन पुलिंग होने से स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 4009 ब्रजघाट गंगा पुल में रोक दी गई थी। 27 मिनट बाद ट्रेन रवाना हुई लेकिन इस बीच दिल्ली-लखनऊ रेलमार्ग पर चलने वाली किसी भी ट्रेन का आवागमन बाधित नहीं हुआ।