मजदूरी मांगने पर दबंगों ने मजदूर को मारपीट कर कुएं में फेंक दिया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला। उसको गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कनौर निवासी ओमदत्त को गांव का ही एक किसान खेत पर कुएं से नलकूप का पंखा निकलवाने के लिए मजदूरी पर ले गया था। गांव करीमपुर के जंगल में स्थित नलकूप से पंखा बाहर निकालने के बाद मजदूर ने पगार मांगी तो किसान भड़क उठा।
जिसने पत्नी और बेटों के साथ मिलकर उसकी धुनाई करने के बाद धक्का देकर नलकूप के कुएं में फेंक दिया। ओमदत्त की चीख सुनकर आसपास के खेतों पर काम कर रहे किसान वहां पहुंच गए। किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला।
उसको गंभीर हालत में स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जहां हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ को रेफर कर दिया गया है।
मजदूर के भाई की पत्नी ज्ञानवती ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पंखा निकालने के बाद जब उसके जेठ ने मजदूरी के पैसे मांगे तो किसान ने पत्नी और दो बेटों के साथ मिलकर बेरहमी से मारपीट कर उसे कुएं में धकेल दिया।
एसओ आरके शर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश कराई जा रही है, जिनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।