धौलाना में नहर में डूबे व्यक्ति की तलाश करते पुलिसकर्मी। संवाद
धौलाना। थाना धौलाना क्षेत्र के रावली पुल के पास मंगलवार दोपहर ऊपरी गंग नहर में मछली पकड़ने गया 25 वर्षीय युवक डूब गया। साथी के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने एनडीआरएफ से भी संपर्क किया है।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब सवा बजे 112 कंट्रोल रूम से युवक के नहर में डूबने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि खिचरा गांव की सोनी कॉलोनी निवासी रोशन कुमार पुत्र विजय दास और संजीत पुत्र शिवनाथ सैनी दोपहर करीब 12 बजे रावली नहर पर मछली पकड़ने पहुंचे थे। दोनों मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के निवासी हैं। मछली पकड़ने के दौरान संजीत नहर में डूब गया। संजीत औद्योगिक क्षेत्र यूपीएसआईडीसी की एक फैक्टरी में काम करता था। वह पत्नी और दो बच्चों के साथ सोनी कॉलोनी में रह रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक के डूबने से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक और चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। सीओ मुनीश चंद्र का कहना है कि युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ से संपर्क किया जा रहा है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी युवक की तलाश कराई जा रही है।