हापुड़। जिले में 217 ट्रांसफार्मरों से बिजली सुधार की कवायद ऊर्जा निगम करेगा। इनमें 179 ट्रांसफार्मरों की क्षमता 100 से बढ़ाकर 250केवी की जाएगी। जबकि 250 और 400 केवी के 38 ट्रांसफार्मर नए लगेंगे। इनके लिए ओवरलोड और लॉ वोल्टेज वाली कॉलोनी, मोहल्लों को चिह्नित कर लिया गया है।
सात बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि का काम भी इसी वर्ष शुरू हो जाएगा।जिले के तीनों डिवीजन में 53 बिजलीघर हैं, इनसे करीब सवा तीन लाख उपभोक्ता जुड़े हैं। हर साल लोड में बढ़ोत्तरी हो रही है, लेकिन संशाधन पहले जैसे ही हैं। हाल ही में गर्मी के मौसम में हापुड़ की बिजली व्यवस्था चौपट रही।
मोहल्लों में न तो पर्याप्त वोल्टेज आए और न ही निर्बाध सप्लाई। जबकि 200 करोड़ से अधिक की रिवैंप और बिजनेस प्लान के अंतर्गत हापुड़ में ऊर्जीकरण हो रहा है। हापुड़ के बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि हो चुकी है, लेकिन अब प्रभावित इलाकों में ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की तैयारी है। 217 ट्रांसफार्मरों को लगाने की मंजूरी भी निगम अफसरों को मिल गई है। बता दें कि इनमें 179 ट्रांसफार्मर ऐसे हैं, जो ओवरलोड चल रहे हैं। इन ट्रांसफार्मरों की क्षमता ढाई गुना तक बढ़ायी जानी स्वीकृत है। इससे प्रभावित इलाकों को निर्बाध सप्लाई मिल सकेगी। संवाद