मेले की अनुमति पर लोगों ने दर्ज करायी आपत्ति
हापुड़। नगर के मोहल्ला इंद्रगढ़ी में मेले के आयोजन को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जतायी है। इस संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मेले का आयोजन न होने देने की मांग की है।
डीएम को सौंपे गए पत्र में नसरुद्दीन, मरीन, चांद मोहम्मद, इकरान, तपसार, इसरार आदि ने कहा है कि कुछ लोगों ने ईदगाह रोड पर कब्रिस्तान के सामने गलत तथ्य बताकर एक फरवरी से एक मेेले की अनुमति ली है। जो कि एक नई परंपरा है। यहां आज से पहले कोई मेला नहीं लगा है। पत्र में इन लोगों का तर्क है कि पास में ही गांव शिवगढ़ी में दूसरे संप्रदाय के लोग रहते हैं। यहां मेला लगाये जाने से सांप्रदायिक तनाव व्याप्त हो सकता है। इस स्थिति को देखते हुए मेले की अनुमति को वापस लिया जाये।
शौचालय के सर्वे में पात्रों को छोड़ा
हापुड़। गांव पंचायत राजपुर मढैया की प्रधान तबस्सुम ने सचिव पर शौचालयों के सर्वे के दौरान पात्रों को छोड़े जाने का आरोप लगाया है। प्रधान का कहना है कि सचिव द्वारा जो लोग पात्र नहीं हैं उन्हें इस सूची में शामिल कर लिया गया है। प्रधान ने डीएम से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
स्टील पॉलिस की फैक्ट्रियों से फैल रहा प्रदूषण
हापुड़। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर छह के सभासद धर्मदत्त सिंह ने डीएम से शिकायत करते हुए कहा है कि गली नंबर पांच में कुछ स्टील पॉलिस की फैक्ट्रियां प्रदूषण फैला रही हैं। जिससे मोहल्ले के लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।