ट्रेन की बिगड़ी चाल से यात्री बेहाल
हापुड़। ठंड बढ़ने के साथ साथ ट्रेन की चाल और बिगड़ती जा रही है। रात के समय पड़ रहे कोहरे से ट्रेन के रद्द होने और देरी से पहुंचने का सिलसिला जारी है। रविवार को कई ट्रेन रद्द रहने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस दौरान राज्यरानी एक्सप्रेस अप एंड डाउन, नौचंदी एक्सप्रेस अप एंड डाउन, पदमावत एक्सप्रेस अप एंड डाउन, शहीद एक्सप्रेस अप एंड डाउन और मुरादाबाद पैसेंजर अप एंड डाउन ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा कई ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से हापुड़ पहुंची। इनमें संगम एक्सप्रेस 6.58 घंटे, उधम इलाहाबाद एक्सप्रेस साप्ताहिक 3.05 घंटे, काशी विश्वनाथ चार घंटे, लखनऊ मेल 52 मिनट, मसूरी एक्सप्रेस 47 मिनट देरी से हापुड़ स्टेशन पर पहुंची। अधिकतर रद्द और देरी से पहुंचने वाली ट्रेनों में अधिकतर लखनऊ होकर गुजरती हैं, इसके कारण लखनऊ जाने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेन न मिलने पर यात्रियों को बसों का सहारा लेना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक मुनीराम मीना के अनुसार कोहरे के कारण ही ट्रेन की यह स्थिति है। इसमें सुधार के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
कोहरे से बचाव के लिए बसों में दुरुस्त करें व्यवस्था : सेवा प्रबंधक
हापुड़। परिवहन निगम गाजियाबाद रीजन के सेवा प्रबंधक एमपी सिंह ने रविवार को हापुड़ डिपो के रोडवेज बस अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोहरे से बचाव के लिए व्यवस्था दुरुस्त करने व साफ सफाई के निर्देश दिए। एमपी सिंह ने कहा कि कोहरे में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए बसों में मरम्मत का कार्य करा लिया जाए। वाइपर, इंडीकेटर, फॉग लाइट की स्थिति अच्छी होनी चाहिए। सीसे पूरी तरह बंद रहें, ताकि यात्रियों को सर्दी से परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि बस अड्डे व बसों में साफ सफाई की स्थिति अच्छी रहनी चाहिए। इसके अलावा बसों की नियमित चेकिंग की जाए। यात्रियों की प्रत्येक समस्या का प्रमुखता से निस्तारण कराया जाए। एआरएम एनपी सिंह ने बसों के संचालन की स्थिति से अवगत कराया।