सिकंदरगेट से बुलंदशहर रोड तक जर्जर हालत में पड़े नाले और सड़क का जल्द निर्माण होगा। इसके अलावा मदरसे के पास भी नाला निर्माण होगा। पालिका करीब 2.70 करोड़ रुपये की लागत से यह निर्माण कार्य कराएगी। वहीं चौराखी के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू हो गया है।
सिकंदरगेट से बुलंदशहर रोड पर जाने वाले नाले की हालत जर्जर है। जगह-जगह से नाला टूटा होने के कारण गंदा पानी बाहर आ जाता है। इससे यहां बिन बरसात जलभराव की समस्या खड़ी होती है। वहीं सड़क भी यहां की जर्जर हालत में है। बुलंदशहर रोड पर मदरसे के पास भी नाला निर्माण न होने के कारण जलभराव की समस्या हो जाती है।
इस मामले में अब पालिका अधिकारियों ने निर्णय लिया है कि नाला और सड़क निर्माण कराया जाएगा। पालिका के सहायक अभियंता एस.के.सक्सेना ने बताया कि सिकंदर गेट से बुलंदशहर रोड पर नाला निर्माण के साथ ही हाट मिक्स प्लांट से सड़क बनवाई जाएगी।
साथ ही सड़क के बराबर में इंटरलॉकिंग टाईल्स भी लगवाई जाएगी। करीब 2.70 करोड़ रुपये की लागत से ये निर्माण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वर्ग आश्रम रोड स्थित शमशान घाट पर जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो गया है। करीब सत्तर लाख रुपये की लागत से यह कार्य कराया जाएगा।