बिजली घर के केबिल बॉक्स में फाल्ट होने से हजारों घरों की बिजली 19 घंटों से गुल है। बिजली न होने के कारण लोगों को पानी और पशुओं के चारे की किल्लत से जूझना पड़ा। देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
बहादुरगढ़ बिजलीघर के केबिल बॉक्स में शुक्रवार रात करीब साढे़ नौ बजे फाल्ट हो गया। इससे आलमनगर, नवादा, पूठ, सकराटीला, किरयावली, रहरवा, शेरपुर, आल्हापुर, लहड़रा, भदस्याना, सरदारों की मढ़ैया समेत करीब एक दर्जन गांवों में रात साढ़े 9 से लेकर शनिवार की देर शाम तक सप्लाई पूरी तरह ठप रही।
इससे हजारों परिवारों को पेयजल किल्लत और पशुओं के लिए चारे की समस्या से जूझना पड़ा। दरअसल, इन सभी गांवों में 80 फीसदी से ज्यादा घरों में समरसिबल से जलापूर्ति होती है। इसकी वजह से बिजली आपूर्ति ठप होते ही पानी की भी किल्लत हो जाती है।
शनिवार को पूरे दिन पानी न मिलने के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। जेई भूपेंद्र कुमार ने बताया कि केबिल बॉक्स को ठीक करा लिया गया है, लेकिन 220 केवी लाइन में मरम्मत कार्य के चलते आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। मरम्मत कार्य पूरा होते ही सप्लाई चालू करा दी जाएगी।