अनियंत्रित हुई बाइक फ्लाईओवर की टूटी रेलिंग से टकराई
गढ़मुक्तेश्वर। फ्लाईओवर पर एक अनियंत्रित बाइक रेलिंग से टकरा गई। इस दौरान बाइक सवार सिर के बल करीब 20 फिट नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक की बहन और मौसेरा भाई घायल हो गए। दोनों घायलों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल हापुड़ रेफर किया गया है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव करीमपुर निवासी कपिल दिल्ली की सोनिया विहार कालोनी में बाइक मिस्त्री की दुकान करता था। वह बृहस्पतिवार की तड़के में अपनी दिव्यांग बहन प्रीति और मौसेरे भाई मनीष निवासी शाहजहांपुर के साथ गांव को आ रहा था। जहां से उसे मामा के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शिरकत करने स्याना क्षेत्र में जाना था। सिंभावली पहुंचने पर सुबह करीब आठ बजे किसान पीजी कॉलेज के सामने संतुलन बिगड़ने पर बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाई ओवर की टूटी रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे में बाइक चला रहा कपिल 27 साल फ्लाई ओवर से नीचे हाइवे की सर्विस रोड पर सिर के बल जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी बहन प्रीति और मौसेरा भाई मनीष घायल हो गए। परीक्षण के दौरान हालत गंभीर होती देख चिकित्सक ने प्रीति और मनीष को जिला अस्पताल हापुड़ के लिए रेफर कर दिया। सड़क हादसे में कपिल की मौत होने की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए।
अज्ञात अधेड़ की सड़क हादसे में हुई मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ मेरठ रोड पर गांव पौपाई के सामने बृहस्पतिवार की दोपहर में करीब दो बजे एक अधेड़ सड़क किनारे पैदल जा रहा था, जिसे किसी अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल अधेड़ को गढ़ सीएचसी को ले आई, जहां परीक्षण के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर आरके राठी का कहना है कि सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अधेड़ की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसका शव पोस्टमार्टम को भेजकर अज्ञात वाहन की सुरागरसी कराई जा रही है। ब्यूरो