बैसाखी के उपलक्ष्य में धूमधाम से निकला नगर कीर्तन
गढ़मुक्तेश्वर। बैसाखी के उपलक्ष्य में सिख समाज के तत्वाधान में धूमधाम के साथ नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें गतका पार्टी के हैरत अंगेज करतबों समेत बैग पाइपर बैंड ने मन मोह लिया।
बैसाखी के उपलक्ष्य में रविवार को सिंभावली में सिख समाज के तत्वावधान में खालसा पंथ को समर्पित नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रीगुरु ग्रंथ साहिब की छत्र छाया और पंज प्यारों की अगुवाई में हरोड़ा रोड के गुरुद्वारा श्रीसिंह सभा से नगर कीर्तन यात्रा प्रारंभ हुई। रेलवे रोड के सामने, शुगर मिल गेट, नेशनल हाईवे, थाने के सामने से होता हुआ नगर कीर्तन बक्सर में पहुंचा, जहां से मुख्य मार्गों पर वापसी करते हुए नगर कीर्तन यात्रा हरोड़ा गुरुद्वारे पर पहुंचकर संपन्न हो गई। नगर कीर्तन में महिला भक्तों के जत्थे सड़कों की सफाई, पानी का छिड़काव और फूलों की बौछार कर रहे थे। नगर कीर्तन में पंजाब के मोगा से आया बैग पाइपर बैंड, मुरादाबाद की गतका पार्टी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। गतका पार्टी में शामिल युवकों ने सीने पर बर्फ की सिल्ली रखकर तोड़ना, आंखों पर पट्टी बांधकर तरबूज फोड़ने, शब्दभेदी हमले जैसे हैरत अंगेज करतब दिखाकर दर्शकों का मन मोह लिया। नगर कीर्तन यात्रा का रास्ते में एसओ नीरज कुमार और व्यापारी नेता अनिल गोयल समेत क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कई स्थानों पर जोरदार स्वागत कर शर्बत पिलाया। इस दौरान भंडारों का आयोजन कर प्रसाद भी बांटा गया। मुख्य ग्रंथी ज्ञानी परमजीत सिंह, ज्ञानी भूपेंद्र सिंह, करम सिंह, सरदार राजेंद्र सिंह ओलख, सरदार कुंवर सिंह ने बताया 1699 में वैशाख मास में खालसा पंथ की स्थापना की गई थी, जिसके उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष नगर कीर्तन निकाला जाता है। शुगर मिल जीएम दिनेश शर्मा, पूर्व प्रधान सरदार रंजीत सिंह, जयपाल सिंह, सुखदेव सिंह के साथ ही सैकड़ों महिला और बच्चे भी नगर कीर्तन यात्रा में शामिल रहे।