चुनाव को लेकर गंभीरता बरते अधिकारी : डीएम
हापुड़। जिले में पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया । चुनाव में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम अदिति सिंह ने जारी आदेशों में कहा है कि जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी के साथ सभी मतदान कर्मी निर्वाचन आयोग के अधीन कार्य कर रहे हैं। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों या कर्मचारियों को जो दायित्व सौंपे गए हैं उनका आयोग के निर्देशों के अनुसार पालन पारदर्शिता के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से कटिबद्ध है और इसके लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे में सभी अधिकारी और मतदान कर्मी अपनी ड्यूटी को गंभीरता के साथ निभायें। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन से संबंधित प्रशिक्षण में समयबद्धता के साथ उपस्थित होना जरूरी है। प्रशिक्षण में जो मतदान कर्मी अनुपस्थित पाए जाएंगे उनके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 134 एवं आईपीसी की धारा 174 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।