मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक धंसा, बाल-बाल बची पैसेंजर
-पेट्रोलिंग कर रहे कीमैन की टीम ने ट्रैक को देखने के बाद अधिकारियों को दी जानकारी
-डीआरएम ने किया मौके का निरीक्षण, अधिकारियों और कर्मचारियों को दी सतर्कता बरतने की हिदायत
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। महमूदपुर अंडरपास के बाद गेट नंबर 42-सी दादरी अंडरपास पर रेलवे ट्रैक की मिट्टी फिर धंस गई। गनीमत रही कि पेट्रोलिंग कर रहे कीमैन की नजर ट्रैक पर पड़ गई जिससे मेरठ से खुर्जा जा रही पैसेंजर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। आनन-फानन में ट्रैक की मरम्मत कर आधा घंटा बाद ट्रेन को गुजारा गया। दोपहर के समय पहुंचे डीआरएम ने भी रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया।
शनिवार सुबह कीमैन की टीम मेरठ खुर्जा रेलवे ट्रैक पर पेट्रोलिंग कर रही थी। तभी उन्हें दादरी फाटक पर अंडर पास के करीब ट्रैक धंसा दिखाई दिया। कीमैन ने मामले की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को दी। उसके बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मेरठ से चलकर खुर्जा जा रही पैसेंजर ट्रेन को रोका गया। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक को ठीक कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। हालांकि इस दौरान दूसरी कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई। सूचना मिलने के बाद दोपहर के समय डीआरएम एके सिंघल आला हजरत एक्सप्रेस से हापुड़ स्टेशन पहुंचे और इसके बाद पुश ट्राली के माध्यम में उस स्थान का निरीक्षण किया।
डीआरएम ने बताया कि ट्रैक की थोड़ी मिट्टी धंस गयी थी। इसे समय रहते ठीक कर लिया गया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अंडरपास के आसपास लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिए है।
पहली बारिश से धंस रहा ट्रैक
अंडरपास निर्माण के दौरान बड़ी मात्रा में मिट्टी को खोदकर ट्रैक को पुल के ऊपर से गुजारा गया है। इसकी अंडरपास के आसपास नई मिट्टी है। जिसके बाद बरसात का यह पहला मौसम है। अधिकारियों की माने तो नई मिट्टी पानी पीने के बाद बैठ रही है। जिसके कारण ही शुक्रवार को महमूदपुर अंडरपास और शनिवार को दादरी अंडरपास पर रेलवे ट्रैक के पास मिट्टी धंसने की घटनाएं हुई हैं।