बारिश से 14 बिजलीघर ठप, देहात में ब्लैक आउट
-शुक्रवार रात 8 बजे से गई बिजली सुबह 8 बजे लौटी
-जंगलों के बीच लाइन में हुए सबसे ज्यादा फाल्ट
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। भारी बारिश से बिजली लाइन में दर्जनों स्थानों पर फाल्ट से हापुड़ डिवीजन के 14 बिजलीघर रातभर बंद रहे। इससे देहात में रातभर ब्लैक आउट रहा। इससे गुस्साए मतनौरा के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
हापुड़ डिवीजन के किल्होड़ा, जसरूपनगर, मोदीनगर, उबारपुर, सपनावत, वझीलपुर, लालपुर, बाबूगढ़, रामपुर रोड, प्रीत विहार समेत 14 बिजलीघरों से देहात के करीब 150 गांवों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। शुक्रवार को रातभर बारिश ने इन बिजलीघरों को ठप कर दिया। बारिश के चलते जंगलों के बीच से गुजरने वाली लाइनों में सर्वाधिक फाल्ट हुए। रात होने के कारण कर्मचारी इन्हें ठीक नहीं कर सके, ऐसे में रातभर देहात में ब्लैक आउट रहा। इस असुविधा के विरोध में दत्तियाना बिजलीघर से जुड़े गांव मतनौरा के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन कर, राहत की मांग उठाई। सुबह करीब 8 बजे अधिकांश बिजलीघरों को चालू किया जा सका। प्रदर्शन करने वालों में ज्ञानचंद, पप्पू, अंकित, नरेश, ऋतिक, श्रीनिवास आदि मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता सचिन कुमार का कहना है कि बरसात के कारण लाइनों में हुए फाल्ट से यह समस्या बनी थी जिन्हें दुरुस्त करा लोगों को राहत दिला दी गई है।