बी. फार्मा के छात्रों ने फर्जी कैंप लगा ग्रामीणों से रुपये वसूले
हापुड़। गांव बनखंडा में रविवार को बी. फार्मा के छात्रों ने बिना सीएमओ की अनुमति के चिकित्सा कैंप लगाकर ग्रामीणों से 10-10 रुपये की पर्चियां काट ली। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो पूछताछ में छात्र कुछ नहीं बता सके। पुलिस ने चारों छात्रों को हिरासत में लिया है।
रविवार को गजरौली की एक यूनिवर्सिटी से आयुर्वेदिक में बी. फार्मा कर रहे चार छात्रों ने गांव बनखंडा में शिविर लगाया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों से उपचार के लिए रजिस्ट्रेशन के नाम पर 10-10 रुपये की पर्चियां काट ली। साथ ही चिकित्सक के आने पर ग्रामीणों को 100-100 रुपये जमा कर, पूरी बॉडी की जांच कराने की बात कही। ग्रामीणों को छात्रों की बात पर शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों से पूछताछ की तो मामला संदिग्ध मिला। छात्र शिविर के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके। कार्यवाहक थानाध्यक्ष संजीव बालियान ने बताया कि चारों छात्रों से पूछताछ की जा रही है। कालेज और परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।