आज से मैदान में उतरेंगी स्वास्थ्य विभाग की 58 टीमें
हापुड़। जिले में सोमवार से सघन क्षय रोग खोज अभियान का तीसरा चरण शुरू हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की 58 टीमें 10 दिन तक घर-घर जाकर 1.50 लाख लोगों में टीबी के रोगियों की खोज करेंगे। सीएमओ ने टीमों को निर्देशित कर दिया है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राजेश कुमार ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए तीन सदस्यों वाली 58 टीमों का गठन किया है। प्रत्येक टीम गांव, शहर में घर घर जाकर टीबी के रोगियों की खोज करेगी। इसके लिए 1.50 लाख लोगों के स्वास्थ्य की जांच का लक्ष्य दिया गया है।
यह अभियान 10 दिन तक जारी रहेगा, इस दौरान संदिग्ध मरीजों के बलगम का सैंपल जांच करा, पॉजीटिव मिलने पर उसे बेहतर उपचार दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजवीर सिंह का कहना है कि तैयारियां पूरी हैं, सोमवार से 10 दिन तक अभियान चलाकर मरीजों को खोजा जाएगा।