संपूर्ण समाधान दिवस : 97 लोगों की समस्याओं का नहीं हुआ निस्तारण, लौटे मायूस
हापुड़। नगर पालिका सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सिर्फ 13 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका, जबकि 97 लोग अपनी शिकायतों के साथ मायूस वापस लौट गए। समाधान दिवस में कुल 110 शिकायतें आई थीं।
नगर पालिका परिषद के सभागार कक्ष में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान गांव भीकनपुर निवासी जावेद ने पासपोर्ट बनवाले, बदनौली के कल्लू ने टयूवैल कनेक्शन दिलाने, करीमपुरा के महराजुद्दीन ने नाला साफ कराने, इंद्रलोक कालोनी के मनोज ने वाटर प्लांट पर कार्रवाई करने, दस्तोई के रुपराम ने सरकार मार्ग से अवैध कब्जा हटवाने, ग्राम प्रधान रामपुर जयभगवान शर्मा ने ग्राम समाज की भूमि कब्जा मुक्त कराने आदि की समस्या समाधान के लिए रखी। इस मौके पर सदर एसडीएम सत्य प्रकाश, एएसपी राम मोहन सिंह, सदर सीओ राजेश कुमार सिंह, ईओ जितेन्द्र कुमार आनंद सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिकायतें लेकर उमड़े फरियादी, 18 का ही निस्तारण
गढ़मुक्तेश्वर। डीएम के आगमन की सूचना मिलने पर गढ़ तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। डीएम और एसपी ने 137 में से 18 शिकायतों का निस्तारण कर शेष बचीं शिकायतों को जल्द से जल्द निस्तारण करने की कड़ी हिदायत के साथ संबंधित विभागों के सुपुर्द किया।
गढ़ तहसील सभागार में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें डीएम अदिति सिंह की अध्यक्षता में जन शिकायतें सुनी गईं। समाधान दिवस में डीएम अदिति सिंह और एसपी डॉ. यशवीर सिंह के आगमन की सूचना मिलते ही फरियादियों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हो गई। समाधान दिवस में मंगलवार को कुल 137 फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर डीएम और एसपी समेत अधिकारियों से गुहार लगाई।अधिकांश शिकायत राजस्व, पुलिस, ब्लॉक कार्यालय से संबंधित रहीं। डीएम और एसपी ने मौके पर 18 शिकायतों का निस्तारण करते हुए शेष शिकायतें संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंप दी। उन्होंने अधीनस्थों से लंबित चल रहीं शिकायतों का भी जल्द से जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया। मौके पर सीडीओ दीपा रंजन, सीएमओ डॉ. ऊराजवीर सिंह, जिला पंचायत अधिकारी प्रवण पांडे, एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी, सीओ अशोक शुक्ल, तहसीलदार सुरेंद्र यादव, एसडीओ विद्युत हरि सिंह, बीईओ पंकज अग्रवाल, मोहम्मद राशिद समेत संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
एसडीएम की अध्यक्षता में पांच शिकायतों का हुआ निस्तारण
धौलाना। ब्लाक परिसर में माह के पहले मंगलवार को आयोजित तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम की अध्यक्षता में 52 शिकायतें दर्ज हुई। इनमें पांच शिकायतों का निस्तारण मौके पर कराया गया।
एसडीएम विशाल कुमार यादव ने कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण के संबंध में शासन स्तर से कार्यक्रम की समीक्षा की जा रही है, जिसमें शासन शिकायतकर्ता से जानकारी प्राप्त कर रहा है। अधिकारी गण बहुत ही गंभीरता के साथ लेकर पूर्ण मानकों के अनुरूप स्थल पर जाकर जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। दर्ज शिकायत का निस्तारण होने के उपरांत संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल प्रभाव से संबंधी सूचना तहसील एवं शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान सौलाना निवासी सीमा पत्नी रेख सिंह ने तालाब संख्या 164 से शमशान भूमि 131 को जोड़े जाने वाली चकरोड पर नाली से अतिक्त्रस्मण हटाने, सपनावत निवासी मोहित पुत्र राकेश राशन विक्रेता द्वारा राशन न दिए जाने एवं कार्ड धारकों के साथ किए जाने की शिकायत की। ग्राम प्रधान करनपुर जट्ट ने ग्राम समाज की भूमि पर भू माफियाओं द्वारा कब्जा करने, सौलाना निवासी उदय प्रताप ने जबरन खसरा संख्या 701 पर कब्जा करने वाले भू माफियाओं के खिलाफ शिकायत कराई। बझैड़ा कला निवासी शौकत अली ने राशन डीलर पर राशन वितरण में धांधली का आरोप लगाया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार मिश्रा एबीएसए मुंशी लाल पटेल खंड विकास अधिकारी निशांत पांडे तहसीलदार गजेंद्र सिंह समेत संबंधित विभाग के अधिकारी गण मौजूद रहे।