पेंशन पुनरीक्षण के लाभ से वंचित हैं सेवानिवृत्त शिक्षक
हापुड़। सेवानिवृत्त शिक्षकों को अधिकारियों की लापरवाही के चलते पेंशन पुनरीक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में शिक्षकों ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
उत्तर प्रदेश सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद के जिलाध्यक्ष राम आसरे शर्मा ने बताया कि पेंशन पुनरीक्षण के संबंध में तमाम दस्तावेज संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। लेकिन सेवानिवृत्त शिक्षक अभी भी इसके लाभ से वंचित हैं।
जबकि अन्य जिलों के सेवानिवृत्त शिक्षकों को पहले ही पेंशन पुनरीक्षण का लाभ मिल चुका है। अफसरों की अनदेखी से परेशान शिक्षकों ने डीएम से शिकायत कर, राहत दिलाने की गुहार लगाई है। इस मौके पर कोषाध्यक्ष शंभुदयाल शर्मा, महामंत्री रामफल सिंह मौजूद रहे।