बकरी चोर गिरोह के दो सदस्यों को ग्रामीणों ने कार समेत दबोचा
गढ़मुक्तेश्वर। बकरी चोरी कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने दबोच कर पिटाई कर दी, जबकि उनके दो साथी भाग निकलने में कामयाब हो गए। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेते हुए कार को भी कब्जे में ले लिया है।
गढ़ क्षेत्र के गांव अठसैनी निवासी हनीफ, शाहिद और अजीज सोमवार की दोपहर गांव के जंगल में अपनी बकरियां चराने लेकर गए थे। इसी दौरान एक कार में सवार चार युवक वहां पहुंच गए। इनमें से दो युवकों ने हनीफ, शाहिद और अजीज को बातों में उलझा लिया और दो युवकों ने उनकी बकरियों को उठाकर कार में डालना शुरू कर दिया। इसी दौरान हनीफ की नजर युवकों पर पड़ गई, तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद किसान भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बकरियों को ले जाने की कोशिश कर रहे दो युवकों को दबोच लिया, जबकि उनके दो साथी भाग निकले। किसानों ने दोनों युवकों को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेते हुए कार को भी कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर हरेराम सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।