अनियमितता बरतने पर लेखपाल और अमीन निलंबित
हापुड़। क्षेत्र के एक लेखपाल द्वारा ग्रामीणों से रिश्वत लिए जाने और अमीन द्वारा वसूली के बाद उन्हें रसीद न सौंपे जाने की शिकायत सही पायी जाने पर एसडीएम ने संबंधित लेखपाल और अमीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई से महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
एसडीएम सदर सत्यप्रकाश ने बताया कि तहसील में तैनात लेखपाल जयपाल के खिलाफ कुछ ग्रामीणों द्वारा शिकायतें की गयी थी। उसके खिलाफ गांव बछलौता निवासी धर्मवती पत्नी ओमपाल ने 20 हजार रुपये लेने, फकीरचंद पुत्र गंगाशरण निवासी होशियारपुर गढ़ी ने दाखिल खारिज करने के लिए दो हजार रुपये लेने और सविता पत्नी सत्यपाल ने भी लेखपाल द्वारा अनियमितता की शिकायत की थी। शिकायतों को लेकर नायब तहसीलदार को जांच दी गयी। जांच के बाद आरोप सही पाये गए। जिसके बाद लेखपाल जयपाल को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा गांव असौड़ा निवासी तालिब पुत्र महफूज ने संग्रह अमीन धनवीर सिंह पर पांच हजार रुपये लेने, परमानंद सैनी पुत्र सौराज सिंह ने 72 सौ रुपये लेने और छज्जू सिंह पुत्र खुशीराम अतरपुरा ने अमीन को दो हजार रुपये देने और किसी को भी रसीद न देने का आरोप लगाया था। स्पष्टीकरण मांगने पर अमीन द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। जांच के बाद अमीन को भी निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप की स्थिति है।