एसडीएम व सीओ ने किया शराब के ठेकों का निरीक्षण
हापुड़। शराब की ओवर रेट बिक्री व अनियमितताओं की जांच के लिए रविवार को एसडीएम सदर व सीओ ने हापुड़ की शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक देशी शराब की कैंटीन पर लोग अंग्रेजी शराब पीते पाए गए।
एसडीएम सदर सत्यप्रकाश ने बताया कि डीएम अदिति सिंह के निर्देशों पर यह जांच की गयी। जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने तथा शराब की दुकानों पर मिल रही ओवर रेट की शिकायतों के संबंध में यह जांच की गयी। उनके द्वारा पांच शराब की दुकानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान जांच के बाद शराब खरीदने वालों से भी पूछताछ की गयी, जिसमें किसी भी दुकान पर ओवर रेट की शिकायत नहीं पायी गई। निरीक्षण के दौरान देशी शराब की एक कैंटीन पर अंग्रेजी शराब पीते हुए कुछ लोग मिले। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के लिए कहा गया है। इसके अलावा किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान सीओ राजेश कुमार भी मौजूद थे।