अब रोडवेज बसों में डीजल की नहीं होगी हेराफेरी
हापुड़। रोडवेज बसों के संचालन के दौरान अब डीजल की एक भी बूंद का हेरफेर नहीं हो सकेगा। बसों के डीजल टैंक में आरएफआईडी रिंग डालने की योजना तैयार हो चुकी है। जल्द ही हापुड़ डिपो की बसों में भी इस योजना को साकार किया जाएगा। अफसर कार्यालय में बैठकर ही डीजल खपत की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।
हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों को 104 बसों का संचालन होता है। अभी तक डिपो के अफसर डीजल खपत का अंदाजा गाड़ी के माइलेज को देखकर लगाते हैं। कई बार चालक जाम आदि में फंसने का कारण बताकर अधिक डीजल खपत बता देते हैं। ऐसे में अफसरों को चालकों की बात को स्वीकार करनी पड़ती है।
लेकिन अब अफसरों को डीजल खपत के लिए माइलेज आदि की जांच की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्योंकि शासन स्तर पर रोडवेज बसों के डीजल टैंक में आरएफआईडी रिंग डालने की योजना बना ली है। यह रिंग टैंक में उतरते ही नोजल रीडर बस में डीजल का पूरा ब्योरा देता रहेगा। इसकी रिडिंग को अफसर कार्यालय में बैठकर ऑनलाइन ही देख सकेंगे।
एआरएम एनपी सिंह का कहना है कि जल्द ही यह योजना रोडवेज बसों में लागू होगी। डीजल खपत की पूरी जानकारी ऑनलाइन देखी जा सकेगी। इससे राजस्व में काफी बढ़ोतरी होगी।