उचित मुआवजे के लिए भड़के किसान
- एनएच-235 के प्रभावित किसानों ने डीएम को दिया ज्ञापन
-एनएचएआई अफसरों पर लगाया मनमानी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। उचित मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार को फिर एनएच-235 के प्रभावित दर्जनों गांवों के किसानों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने एनएचएआई अधिकारियों पर शोषण का आरोप लगाकर सड़क किनारे सर्विस रोड बनवाने की मांग की।
किसान समिति के संयोजक जयभगवान त्यागी ने बताया कि गांव ट्याला, असौड़ा, धनौरा, ददायरा, दोयमी, पटना, मुरादपुर, शाहमहीउद्दीनपुर से होकर बाईपास निकाला जा रहा है, लेकिन किसानों को उनका उचित मुआवजा नहीं मिल सका है। उन्होंने बताया कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाता तब तक वह अपनी कृषि योग्य भूमि से हाईवे का निर्माण नहीं होने देंगे।
उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख मांगें हाईवे के दोनों ओर सर्विस रोड, भूमि की मान किसानों को लिखित में न देने, जो जमीन अधिग्रहण से ज्यादा हैं, उसका अवार्ड दिया जाए, किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा मिले।
उक्त मांगों के निस्तारण को लेकर हीं किसानों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस मौके पर दिनेश कुमार, मुकेश कुमार, सुदेशवीर, अशोक कुमार, राजेश्वर त्यागी, गंगाशरण, साबूराम, राजकुमार, राजेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह आदि मौजूद रहे।