अमान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे शिक्षक
हापुड़। विभागीय अफसरों का संरक्षण प्राप्त कर धड़ल्ले से चल रहे अमान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी मोर्चा खोलेंगे। इन स्कूलों के संचालन से परिषदीय स्कूलों में छात्रों की संख्या नहीं बढ़ रही है। साथ ही छात्रों के भविष्य से भी खिलवाड़ किया जा रहा है।
जिले में मान्यता प्राप्त विद्यालयों से ज्यादा अमान्य विद्यालयों की संख्या है। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले इन विद्यालयों पर कार्रवाई का दम भरते हैं, लेकिन नोटिस जारी करने के बाद कार्रवाई ठंडे बस्ते में पड़ने लगती है।
आलम यह है कि परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की संख्या से इन अमान्य विद्यालयों में छात्रों की संख्या काफी अधिक है। शासन परिषदीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए शिक्षकों पर दबाव बनाती है, लेकिन इस अव्यवस्था के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल रही है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नीरज चौधरी ने बताया कि अमान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ जल्द मोर्चा खोला जाएगा। इन्हें संरक्षण देने वाले अफसरों की भी पोल खोलेंगे। उनका उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर और छात्रों की संख्या को बढ़ाना है।